द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है। मंगलवार देर रात स्वास्थ्य खराब होने पर परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकीय जांच के बाद उन्हें क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) में भर्ती कर लिया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

104 डिग्री बुखार और लो बीपी के बाद अस्पताल में भर्ती
विधायक के प्रतिनिधि गुंजन यादव ने बताया कि मंगलवार को पूर्णिमा साहू कई कार्यक्रमों में शामिल हुई थीं। इसी दौरान उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। देर शाम उन्हें टीएमएच ले जाया गया, जहां जांच में 104 डिग्री बुखार और रक्तचाप (बीपी) कम होने की जानकारी सामने आई। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के आधार पर वायरल फीवर की आशंका जताई है। चिकित्सकों के अनुसार अत्यधिक थकान के कारण भी उनके रक्तचाप में गिरावट दर्ज की गई।
.jpeg)
एहतियातन सीसीयू में रखा गया, स्वास्थ्य स्थिर
अस्पताल सूत्रों के अनुसार विधायक का स्वास्थ्य फिलहाल स्थिर है, लेकिन बेहतर चिकित्सकीय निगरानी और आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने के लिए उन्हें सीसीयू में रखा गया है। डॉक्टर लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रहे हैं और समय-समय पर जरूरी जांच भी की जा रही है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से उनके स्वास्थ्य पर विशेष नजर रखी जा रही है।
.jpg)
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास पहुंचे अस्पताल
विधायक पूर्णिमा साहू की तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही उनके ससुर और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी टीएमएच पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली और इलाज की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की।