जमशेदपुर
जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में विकास कार्यों की रफ्तार लगातार तेज हो रही है। इसी क्रम में विधायक पूर्णिमा साहू ने शनिवार को बिरसानगर एवं मोहरदा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में नगर विकास एवं आवास विभाग की निधि से स्वीकृत 11 महत्वपूर्ण जनहितकारी योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। इन योजनाओं पर कुल 1 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत आयेगी, जिससे क्षेत्र की हजारों आबादी को प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा। शनिवार को जिन योजनाओं का शिलान्यास किया गया, उनमें बारीडीह मोहरदा स्थित वास्तु विहार वेलफेयर सोसायटी के मेन गेट से शाखा रोड संख्या-10 तक जर्जर सड़क का निर्माण, वास्तु विहार परिसर में वाटर रिजर्वायर (स्टोरेज टैंक) का निर्माण एवं मोहरदा जलापूर्ति परियोजना स्थल पर कंपाउंड वॉल निर्माण कार्य शामिल है। इसके अलावा, बिरसानगर क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की आधारशिला रखी गई।

जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी
बिरसानगर ई-निवास प्रधान कॉलोनी के मधुसूदन पथ में जापान सांडिल के घर से विजया गार्डेन के दूसरे गेट तक नाली निर्माण, बिरसानगर जोन संख्या-3 डी ब्लॉक में नाली निर्माण, हरि मंदिर तालाब के सामने नाला पर गार्डवाल निर्माण एवं सड़क के दोनों ओर पेवर्स ब्लॉक अधिष्ठापन कार्य का शिलान्यास किया गया। वहीं, डूंगरीटोला (ओम नगर) बिरसानगर जोन संख्या-2 बी में पेवर्स ब्लॉक अधिष्ठापन, ओम नगर डूंगरीटोला क्षेत्र में तीन अदद बोरिंग अधिष्ठापन, बिरसानगर जोन-1 बी की गलियों में पेवर्स ब्लॉक निर्माण, बिरसानगर जोन संख्या-9 रोड संख्या-1 के क्रॉस रोड-2 पर पेवर्स ब्लॉक अधिष्ठापन तथा बिरसानगर जोन संख्या-3 ब्लॉक ए स्थित मकान संख्या-36 के समीप नाली निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। इन योजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर होगा, जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी, स्वच्छ जल निकासी की व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा पेयजल सुविधा को और मजबूती मिलेगी।

लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं
स्थानीय लोगों ने लंबे समय से लंबित इन जनोपयोगी योजनाओं के शिलान्यास पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक पूर्णिमा साहू के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा के प्रत्येक मोहल्ले और बस्ती तक बुनियादी सुविधाओं को पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। सड़क, नाली, पेयजल और जल निकासी जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को सुदृढ़ करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है, जिससे लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं सुलभ हो सके। शिलान्यास कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, चंद्रशेखर मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, भाजपा बिरसानगर मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी, बोलटू सरकार, श्रीराम प्रसाद, जितेंद्र मिश्रा, कृपा गोप, चंदन बारीक, खोखन मंडल, संध्या रानी महतो, तापस कर्मकार, चितरंजन घोष, खोखन पांडेय, अरविंद कुमार, इशांत प्रधान, लखन साहू समेत कई कार्यकर्ता व आमजन मौजूद रहे।