logo

जमशेदपुर में साइबर ठगी, पंचायत समिति सदस्य के खाते से उड़ाये 1.57 लाख रुपए; बिना OTP के 3 ट्रांजेक्शन

CYBER_FRAUD_IMAGE.jpg

जमशेदपुर:
बागबेड़ा कॉलोनी की पंचायत समिति सदस्य झरना मिश्रा के बैंक खाते से साइबर ठगों ने तीन ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए 1 लाख 57 हजार 839 रुपये उड़ा लिए। खाताधारक की जानकारी और अनुमति के बिना हुई इस निकासी का पता मोबाइल पर ट्रांजेक्शन के मैसेज आने के बाद चला। मामले में झरना मिश्रा के पति श्रवण मिश्रा ने जमशेदपुर साइबर क्राइम थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी है।

तीन बार में खाते से निकले 1.57 लाख रुपये
शिकायत के अनुसार, 2 सितंबर को बैंक खाते से लगातार तीन ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किये गये। पहले ट्रांजेक्शन में 44,998 रुपये, दूसरे में 37,841 रुपये और तीसरे ट्रांजेक्शन में 75 हजार रुपये की निकासी हुई। इस तरह तीनों ट्रांजेक्शन में कुल 1,57,839 रुपये खाते से निकल गये। ट्रांजेक्शन के मैसेज मिलने के बाद परिवार को खाते से रुपये निकाले जाने की जानकारी हुई। इसके बाद श्रवण मिश्रा साइबर क्राइम थाना पहुंचे और पुलिस को बैंक खाते तथा अनधिकृत ट्रांजेक्शन से संबंधित जानकारी उपलब्ध करायी। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर ठगी की राशि की रिकवरी कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

बैंकिंग ट्रेल और तकनीकी साक्ष्यों की जांच
पुलिस मामले की तकनीकी जांच में जुटी है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि खाते से निकाली गयी रकम किन खातों में ट्रांसफर हुई और ट्रांजेक्शन किस माध्यम से किया गया। पुलिस संबंधित बैंकिंग ट्रेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर साइबर ठगी में शामिल आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।इधर, बागबेड़ा कॉलोनी के पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने पुलिस-प्रशासन से मामले की गहनता से जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़िता की पूरी राशि वापस कराने की मांग की है।

Tags - jamshedpur cyber fraud bagbera cyber crime online fraud without otp jharkhand cyber crime