जमशेदपुर
जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित कंटेनर यार्ड में हुई ठेकेदार मोहम्मद आफताब आलम की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने हत्याकांड में मोहम्मद समद और एक महिला को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना से पहले रेकी में इस्तेमाल की गयी बिना नंबर प्लेट वाली नीले और काले रंग की एक स्कूटी भी बरामद की है। पुलिस अब इस मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त की रात रेलवे कंटेनर यार्ड के पास आफताब आलम पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी।

आरोपी शाहरुख की पत्नी कुलसुम बीबी भी शामिल
गोली लगने से गंभीर रूप से घायल आफताब को इलाज के लिए पहले टीएमएच और बाद में कोलकाता रेफर किया गया था, जहां मंगलवार सुबह उनकी मौत हो गयी। पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड में कुल 11 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। जिसमें अब तक दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में कांड के एक आरोपी शाहरुख की पत्नी कुलसुम बीबी भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, शाहरुख और उसकी पत्नी पर ब्राउन शुगर के कारोबार में संलिप्त होने का आरोप है। घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), डीएसपी विधि-व्यवस्था और डीएसपी नगर के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।

मोहम्मद समद का आपराधिक इतिहास
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मामले के आरोपी मोहम्मद समद और कुलसुम बीबी कैरेज कॉलोनी स्थित अपने घर में छिपे हुए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद समद का आपराधिक इतिहास भी पुलिस जांच में सामने आया है। उसके खिलाफ बर्मामाइंस थाना में हत्या के प्रयास, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा बंदगांव थाना क्षेत्र में डकैती का एक पुराना मामला भी दर्ज है। पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में डीएसपी सुमित कुमार, बर्मामाइंस थाना प्रभारी कुमार सरयू आनंद समेत थाना के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस कांड में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।