logo

जमशेदपुर में हाईवोल्टेज ड्रामा, टावर पर चढ़े सिपाही ने दी कूदने की धमकी; घंटेभर बाद सुरक्षित रेस्क्यू

JAMSEDPUR_SIPAHI_IMG.jpeg

जमशेदपुर 
जमशेदपुर के गोलमुरी पुलिस लाइन परिसर में बुधवार शाम एक सिपाही का हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। सिपाही अचानक एक ऊंचे टावर पर चढ़ गया और हंगामा करने लगा। उसे टावर पर चढ़ा देख पुलिसकर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी। जिसके बाद सभी सिपाही को समझाने का प्रयास भी करने लगे। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस लाइन के अधिकारी और अन्य जवान भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने काफी देर तक सिपाही को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं था। इस दौरान करीब एक घंटे तक सिपाही टावर पर बैठा रहा और वहां से कूदकर आत्महत्या करने तक की धमकी देता रहा। करीब घंटेभर की मशक्कत के बाद पुलिस अधिकारियों ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।  
घटना की पूरी जानकारी 
टावर पर चढ़ने वाले सिपाही की पहचान बाबूलाल के रूप में हुई हैं। जानकारी के अनुसार, पारिवारिक विवाद और आर्थिक परेशानियों से तनाव में आकर सिपाही ने यह कदम उठाया था। काफी मशक्कत के बाद अधिकारियों ने उसे भरोसा दिलाते हुए शांत कराया और सुरक्षित नीचे उतार लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों की सांसें अटकी रहीं। नीचे उतरने के बाद सिपाही बाबूलाल ने बताया कि पारिवारिक विवाद और आर्थिक तंगी के कारण वह मानसिक तनाव में था और इसी वजह से उसने आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस अधिकारी उससे पूरे मामले को लेकर पूछताछ कर रहे हैं। इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Tags - Jamshedpur Jharkhand Police Golmuri Police Line Breaking News