जमशेदपुर
जमशेदपुर में पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने NEET परीक्षा में कथित प्रश्नपत्र लीक और उससे आहत एक परीक्षार्थी द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने 21 मई को केंद्र सरकार के खिलाफ पदयात्रा और प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। इसे लेकर बिष्टुपुर स्थित तिलक पुस्तकालय में जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय तैयारी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 21 मई को सुबह 10 बजे साकची आमबागान मैदान से उपायुक्त कार्यालय तक पदयात्रा निकाली जाएगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त के माध्यम से मांगपत्र भी सौंपेगा। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता को लेकर किया जा रहा है।

कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि NEET परीक्षा में कथित प्रश्नपत्र लीक होना देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रही परीक्षा अनियमितताओं के कारण छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा करने में विफल साबित हुई है।

परीक्षार्थी को दी श्रद्धांजलि
बैठक के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आत्महत्या करने वाले परीक्षार्थी को श्रद्धांजलि देने के लिए कैंडल जलाकर मौन रखा। बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह, प्रदेश महामंत्री विजय यादव, प्रदेश सचिव रईस रिजवी छब्बन, ब्रजेंद्र तिवारी, डॉ. परितोष सिंह, केके शुक्ला, सत्यम सिंह, राजकिशोरी यादव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक का संचालन संजय सिंह आजाद ने किया।