logo

छोटाबांकी डैम में डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत, पांच घंटे बाद मिला शव

IMG-20260720-WA0000.jpg

जमशेदपुर
जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित छोटाबांकी डैम में रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। दोस्तों के साथ नहाने गए 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई, जबकि उसके दोस्त हीरा गोराई को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मृतक की पहचान टेल्को थाना क्षेत्र के मनीफिट स्थित महानंद बस्ती निवासी पिंजुस गिरी उर्फ राहुल गिरी के रूप में हुई है।
घटना की पूरी जानकारी
जानकारी के अनुसार, राहुल अपने दो दोस्तों हीरा गोराई और राहुल धौरिया के साथ रविवार दोपहर करीब दो बजे छोटाबांकी डैम पहुंचा था। तीनों नहाने के लिए पानी में उतरे, तभी राहुल अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए हीरा गोराई ने काफी प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। इस दौरान स्थानीय लोग भी पानी में कूदे और उन्होंने हीरा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। 
गोताखोरों ने पांच घंटे बाद निकाला शव
घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन शुरू की। बाद में बोड़ाम से गोताखोरों की टीम बुलाई गई। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने डैम से राहुल का शव बरामद किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोस्तों ने बताया कि राहुल पढ़ाई में होनहार था और इसी वर्ष उसने 10वीं बोर्ड की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। वह अक्सर छोटाबांकी डैम घूमने आता था, लेकिन इस तरह की घटना पहली बार हुई।

Tags - Jamshedpur Chotabanki Dam Jamshedpur News