logo

जमशेदपुर में चेन स्नैचिंग गिरोह के निशाने पर महिलाएं, 24 घंटे में तीन वारदात

WhatsApp_Image_2026-05-13_at_10_51_24_AM.jpeg

जमशेदपुर
जमशेदपुर की सड़कें अब महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं रहीं।  बीते 24 घंटों में जिस तरह से बेखौफ बदमाशों ने पूर्व मुख्यमंत्री आवास और साकची जैसे व्यस्त इलाकों में चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दिया है, उसने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं। पुलिस की सुस्ती और अपराधियों की फुर्ती के बीच अब आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। वहीं पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि हर वारदात के बाद पुलिस केवल सीसीटीवी फुटेज खंगालने तक सीमित नजर आ रही है। बदमाश बेखौफ होकर भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों के पास घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जबकि पुलिस हर बार केवल सीसीटीवी फुटेज के सहारे जांच आगे बढ़ा रही है।


पूर्व मुख्यमंत्री आवास के पास वारदात, 1.25 लाख की चेन छीनी
मंगलवार शाम सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री के आवास से महज 50 मीटर की दूरी पर बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। टाटा स्टील के सुरक्षाकर्मी मनीष कुमार झा की मां गोदावरी देवी बाजार से लौट रही थीं। इसी दौरान एक बदमाश क्वार्टर परिसर में घुसा, जबकि उसका साथी मोटरसाइकिल स्टार्ट कर बाहर खड़ा रहा। बदमाश ने धक्का देकर गोदावरी देवी के गले से सोने की चेन छीन ली और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता के बेटे अमित झा के अनुसार छीनी गई चेन की कीमत करीब 1.25 लाख रुपये है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस ने एग्रिको गोलचक्कर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन आरोपियों का कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिल सका।

साकची में दिनदहाड़े वारदात, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
मंगलवार को साकची थाना क्षेत्र के आमबगान स्थित ओम प्लाजा के पास भी चेन स्नैचिंग की घटना ने लोगों को दहला दिया। मानगो निवासी पूनम ओझा बाजार से लौट रही थीं और ऑटो स्टैंड की ओर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पहले उन्हें ओवरटेक कर आगे निकल गए, फिर कुछ दूरी पर बाइक घुमाकर लौटे और मौका पाकर उनके गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात के बाद दोनों आरोपी जेल चौक की ओर फरार हो गये। पूरी घटना पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़िता के बेटे आकाश ओझा के अनुसार छीनी गई चेन की कीमत करीब 2.5 से 3 लाख रुपये के बीच है। सूचना मिलने पर साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

Tags - Jamshedpur Crime Chain Snatching Women Safety Jharkhand News Sakchi News