जमशेदपुर
जमशेदपुर में चेन स्नैचर्स का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। दरअसल, शुक्रवार शाम से शनिवार सुबह तक महज 18 घंटे के भीतर बदमाशों ने तीन महिलाओं को अपना निशाना बना लिया। लगातार हो रही घटनाओं से खासकर महिलाओं में भय का माहौल है, वहीं पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। एक और ताज़ा मामला शनिवार सुबह का उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-1 का है। यहां मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला आशा रानी सारंगी से एक बदमाश ने घर के पास ही चेन झपट ली और फरार हो गया। महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ही अपराधी मौके से भाग निकला।

अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चेन स्नैचिंग की घटनाएं
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलने के बाद उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक बदमाश पैदल आते हुए महिला के गले से चेन छीनकर भागता नजर आ रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी है। पीड़ित आशा रानी सारंगी के अनुसार, छीनी गई सोने की चेन की कीमत करीब ढाई लाख रुपये है। इससे पहले शुक्रवार को शहर के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चेन स्नैचिंग की घटनाएं सामने आई थीं। सोनारी थाना क्षेत्र के एरोड्रम स्थित एच रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने बुजुर्ग महिला अर्चना श्रीवास्तव के गले से सोने की चेन छीन ली थी। भागने के दौरान बदमाश अपनी बाइक मौके पर ही छोड़ गये थे।

लोगों में आक्रोश और भय
वहीं, शुक्रवार देर शाम साकची थाना क्षेत्र के जुबली पार्क गेट नंबर-1 के पास एसएसपी कार्यालय से महज कुछ दूरी पर सोनारी निवासी चंदना दास से चेन स्नैचिंग की घटना हुई थी। महिला फास्ट फूड दुकान के पास बैठकर चाउमीन खा रही थीं, तभी बदमाश ने उनके गले से चेन झपट ली और बाइक सवार साथी के साथ फरार हो गया। तीनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के सहारे स्नैचर्स तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। शहर में लगातार हो रही चेन छिनतई की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज 18 घंटे में तीन महिलाओं को निशाना बनाए जाने से लोगों में आक्रोश और भय दोनों है।