जमशेदपुर
जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित कंटेनर यार्ड में रविवार रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में गंभीर रूप से घायल मुस्लिम बस्ती निवासी ठेकेदार आफताब आलम की मंगलवार तड़के कोलकाता के अपोलो अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी। आफताब की मौत की खबर मिलते ही बर्मामाइंस मुस्लिम बस्ती में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतर आये और बर्मामाइंस मुख्य सड़क पर टायर जलाकर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
आरोपियों की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन
प्रदर्शनकारी हत्या में शामिल सभी आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई तथा आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग कर रहे हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो कोलकाता से शव आने के बाद उसे थाने में रखकर उग्र आंदोलन किया जायेगा। सूचना मिलते ही सिटी डीएसपी और बर्मामाइंस थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी है। गौरतलब है कि घटना के बाद पुलिस ने आफताब के परिजनों के बयान पर मुस्लिम बस्ती निवासी शहबाज उर्फ भोंदु, आयान, रेहान, उदय महतो समेत अन्य दो युवकों खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। जिसके बाद से आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गयी है।
आफताब को मारी गयी थी पांच गोलियां
रविवार रात बर्मामाइंस थाना से महज 200 मीटर दूर कंटेनर यार्ड स्थित रेलवे साइडिंग के पास छह हमलावरों ने आफताब आलम पर करीब 20 राउंड गोलियां चलायी थी। हमले में उसे पांच गोलियां लगी थी। गंभीर हालत में पहले उसे टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के अपोलो अस्पताल रेफर किया गया था।
नशे के खिलाफ अभियान के बाद हुआ था हमला
घटना बर्मामाइंस में तेजी से फैल रहे ब्राउन शुगर के कारोबार को लेकर भी चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों का दावा है कि पुलिस की अपील पर मुस्लिम बस्ती के युवाओं ने एक दिन पहले नशे के खिलाफ जागरूकता रैली निकाली थी। आरोप है कि इसी अभियान से नाराज ब्राउन शुगर कारोबारियों ने आफताब को निशाना बनाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑफिस बंद कर सभी घर लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी दो बाइकों पर सवार छह बदमाश पहुंचे और तीन दिशाओं से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। घटना के बाद पुलिस और जीआरपी ने संयुक्त रूप से घटनास्थल की जांच की। मौके से 13 खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ था।