logo

जमशेदपुर : खासमहाल-गोविंदपुर सड़क के आधे-अधूरे काम पर भड़की भाजपा, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp_Image_2026-06-04_at_7_41_18_PM_(2).jpeg

जमशेदपुर
करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से बन रही खासमहाल-गोविंदपुर सड़क के आधे-अधूरे काम और लापरवाही के खिलाफ अब भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। सड़क पर फैले कीचड़, धूल और गड्ढों के कारण एंबुलेंस और ऑटो चालकों द्वारा इस रास्ते से गाड़ियों का आना-जाना बंद होने के कारण यहां के मरीजों और स्कूली बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी जन-समस्या को लेकर गुरुवार को भाजपा परसुडीह मंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच और इसे जल्द पूरा कराने की मांग की है। बदहाल सड़क से हर दिन का सफर हुआ सजा
जानकारी के मुताबिक, करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से बन रही खासमहाल-गोविंदपुर सड़क लंबे समय से अधूरी पड़ी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण कार्य कर रही एजेंसी द्वारा काम बंद कर दिया गया है, जिससे सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढों, कीचड़ और धूल के कारण आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। स्थिति इतनी खराब है कि कई ऑटो और एंबुलेंस चालक इस मार्ग से गुजरने से परहेज कर रहे हैं, जिससे मरीजों, विद्यार्थियों और दैनिक यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। एक हफ्ते में काम शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से सड़क निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने, संभावित अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने, ठेकेदार की जवाबदेही तय करने तथा निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की। साथ ही, जनता की सुविधा के लिए तत्काल मरम्मत और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। ज्ञापन सौंपने के बाद नेताओं ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर सड़क निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं किया गया, तो भाजपा परसुडीह मंडल स्थानीय लोगों के साथ सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगा। इस मौके पर राम सिंह मुंडा, कुसुम पूर्ति, प्रकाश शांडिल, रुद्रो मुंडा, दीपू शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Tags - Jamshedpur News Road Construction BJP Protest Civic Issues Infrastructure Development