जमशेदपुर:
जमशेदपुर के सोनारी मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास शनिवार को फायरिंग की घटना से अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे चार लोगों के साथ पहले मारपीट हुई और इसके बाद फायरिंग कर दी गई। घटना में चारों लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे चारों, विवाद के बाद हुई फायरिंग
मिली जानकारी के अनुसार, डोमिनिक सैमसन, कृष्णा चौबे, एमडी रिजवान और एमडी दिलशाद बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे। इसी दौरान 3 से 4 युवक वहां पहुंचे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसके बाद युवकों ने फायरिंग कर दी, जिसमें चारों लोग घायल हो गए।
.jpeg)
डोमिनिक सैमसन समेत चार लोग घायल
फायरिंग की घटना में घायल लोगों में डोमिनिक सैमसन भी शामिल हैं। उन्हें JMM नेता और जमीन कारोबारी बताया जा रहा है। घायलों की पहचान डोमिनिक सैमसन निवासी आदित्यपुर, एमडी रिजवान निवासी आजादनगर, कृष्णा चौबे और एमडी दिलशाद निवासी कपाली के रूप में हुई है। सभी को इलाज के लिए TMH ले जाया गया है।
.jpeg)
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही फायरिंग की वजह, घटनाक्रम और इसमें शामिल युवकों की पहचान की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि घटना से जुड़े लोगों की पहचान की जा सके।
घायलों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, घटना में घायल चारों लोगों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल फायरिंग के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।