जमशेदपुर
जमशेदपुर में महिलाओं से छिनतई की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। गुरुवार देर शाम MGM थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा स्थित शौचालय के पास बाइक सवार बदमाशों ने घर लौट रही एक महिला को निशाना बनाते हुए उसके कान की बाली और गले की चेन छीन ली। विरोध करने पर बदमाशों ने महिला को धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया, जिससे कि वह घायल हो गयी।
घटना की पूरी जानकारी
घायल महिला की पहचान रामनगर रोड नंबर-1 निवासी मंजू देवी के रूप में हुई है। महिला ने बताया कि वह शाम के समय दवा लेकर पैदल अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान पीछे से बाइक से आये दो युवकों ने अचानक उसके कान की बाली और गले की चेन झपट ली। महिला ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और मौके से फरार हो गये। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जायेगी।
शहर में कब रुकेगी बाइक सवार गिरोह की वारदात?
जमशेदपुर में छिनतई की घटनाएं लगातार पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई हैं। एक गिरोह पर कार्रवाई के बाद दूसरे गिरोह का सक्रिय हो जाना पुलिस की रणनीति पर सवाल खड़े कर रहा है। खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को निशाना बनाने वाली घटनाओं से शहर में असुरक्षा का माहौल बढ़ गया है।