logo

बर्मामाइंस में ताबड़तोड़ फायरिंग, कई गोलियां लगने से आफताब गंभीर; बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर

Screenshot_2026-08-03_090202.jpg

जमशेदपुर
बर्मामाइंस थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती में रविवार रात हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल युवक आफताब को बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) से कोलकाता रेफर कर दिया गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक आफताब के पेट, पीठ और हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों में गोलियां लगी हैं। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटनास्थल से मिले 13 खोखे और एक जिंदा कारतूस
घटना की सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से 13 खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। बरामद साक्ष्यों से स्पष्ट है कि हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह हमलावरों ने आफताब को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों का दावा है कि हमलावरों में इलाके के शहबाज मोनू, उदय महतो और अयान शामिल थे। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार से जुड़ रही घटना की चर्चा
इलाके में इस हमले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हमला ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार और वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा हो सकता है। उनका दावा है कि घटना से एक दिन पहले बस्ती में नशा मुक्ति और ब्राउन शुगर के खिलाफ अभियान चलाया गया था, जिसके प्रतिशोध में अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस ने अभी तक नशा विरोधी अभियान और गोलीबारी के बीच किसी भी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी
बर्मामाइंस थाना पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने का काम तेज कर दिया है। संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही गोलीबारी के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 

Tags - Jamshedpur Barmamines Crime News Jharkhand Police Firing Incident