द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर में महिलाओं के गले से सोने की चेन और दूसरे जेवरात छीनने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कभी मॉर्निंग वॉक के दौरान तो कभी घर के बाहर निकलते ही महिलाएं बदमाशों के निशाने पर आ रही हैं। ताजा घटना सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी की है, जहां सोमवार की रात बाइक सवार दो बदमाशों ने घर के बाहर निकली महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गये। घटना के बाद महिला के आवेदन पर पुलिस ने मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता मनीषा बाराद्वारी बसंत द्वार गांधी मार्ग की रहने वाली हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे वह किसी काम से अपने घर के बाहर निकली थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गये। अचानक हुई घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश बाइक से मौके से निकल चुके थे।

कैमरों में कैद हुई बदमाशों की गतिविधियां
प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि कैमरों में बदमाशों की गतिविधियां या बाइक कैद हुई होगी, जिसके आधार पर उनकी पहचान की जा सकेगी। पुलिस बदमाशों के भागने के रास्ते का भी पता लगा रही है। बाराद्वारी की ताजा घटना ऐसे समय हुई है, जब शहर में महिलाओं को निशाना बनाकर गहने लूटने और ठगी करने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 13 अगस्त को न्यू बाराद्वारी में मॉर्निंग वॉक कर रही महिला के गले से बाइक सवार दो बदमाशों ने करीब आठ ग्राम सोने की चेन छीन ली थी। महिला ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें जमीन पर गिरा दिया, जिससे वह घायल हो गयी थीं।

महिलाओं की लगातार झांसे में लिया जा रहा
इसके बाद 29 अगस्त को साकची रामलीला मैदान के पास बदमाशों ने पुलिसकर्मी बनकर महिला मैत्रेई मजूमदार को झांसे में लिया और उनके गहने उतरवा लिये थे। वहीं, 31 अगस्त को मानगो के कृष्णा उद्यान स्थित फ्लैट में घुसकर बदमाशों ने लीलावती अम्मा के गहने लूट लिये थे। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं में तरीका अलग-अलग है, लेकिन निशाना महिलाएं और उनके गहने ही बन रहे हैं। कहीं बाइक सवार बदमाश झपटमारी कर रहे हैं, तो कहीं पुलिसकर्मी बनकर महिलाओं को झांसे में लिया जा रहा है। ऐसे में महिलाओं की सुरक्षा के साथ-साथ शहर में सोने के गहने को निशाना बनाने वाले बदमाशों पर पुलिस की कार्रवाई भी सवालों के घेरे में है।