जमशेदपुर
जमशेदपुर की खरकई नदी से बुधवार को एक नवजात का शव बरामद हुआ। शव बागबेड़ा स्थित बड़ौदा घाट के पास नदी किनारे पानी में तैरता मिला। घटना की जानकारी उस समय हुई, जब नदी में नहाने पहुंचे कुछ लोगों ने शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।
सरायकेला बॉर्डर पर मिला शव
सूचना मिलने पर बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का इलाका सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र से सटा होने के कारण आरआईटी पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी राज
पुलिस के अनुसार, शव नवजात शिशु का प्रतीत हो रहा है। शव की स्थिति खराब होने के कारण प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शिशु का जन्म हाल में हुआ था या वह कुछ समय पहले का था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उम्र और मौत से जुड़े तथ्यों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
नदी के बहाव में बहकर आने की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस यह मानकर चल रही है कि शव संभवतः नदी के बहाव के साथ किसी दूसरे स्थान से यहां तक पहुंचा हो। शव जिस अवस्था में मिला, उससे यह आशंका भी जतायी जा रही है कि उसे पहले कहीं और नदी में फेंका गया होगा। हालांकि पुलिस ने कहा है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस आसपास के इलाकों में जानकारी जुटा रही है। हाल के दिनों में किसी नवजात के जन्म, लापता होने या संदिग्ध परिस्थितियों से जुड़ी सूचनाओं की भी पड़ताल की जा रही है। मामले की जांच जारी है।