द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर से कोलकाता और भुवनेश्वर के लिए संचालित हो रही IndiaOne Air की हवाई सेवाएं बंद होने के कगार पर पहुंच गई हैं। दरअसल, एयरलाइन कंपनी ने अपने कर्मचारियों को भेजे एक आंतरिक ईमेल के जरिए जानकारी दी है कि केंद्र सरकार की RCS (Regional Connectivity Scheme – उड़ान योजना) की वैधता समाप्त होने जा रही है। यदि इस योजना का विस्तार नहीं किया गया, तो 31 जनवरी से जमशेदपुर से कोलकाता और 28 फरवरी से जमशेदपुर से भुवनेश्वर की हवाई सेवाएं बंद कर दी जाएंगी।
कंपनी के अनुसार, RCS योजना के समाप्त होने के साथ ही टाटा स्टील द्वारा सोनारी एयरपोर्ट पर दी जा रही आर्थिक और परिचालन संबंधी रियायतों का करार भी खत्म हो जायेगा। ऐसी स्थिति में IndiaOne Air के लिए इन रूट्स पर सेवाएं जारी रखना आर्थिक रूप से संभव नहीं रह जायेगा, जिससे उड़ानों को बंद करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा।.jpeg)
सोनारी एयरपोर्ट पर रियायतें खत्म होने का सीधा असर
सोनारी एयरपोर्ट पर टाटा स्टील की ओर से रनवे उपयोग, ग्राउंड सपोर्ट और अन्य बुनियादी सुविधाओं में जो रियायतें दी जाती रही हैं, वही इन उड़ानों की निरंतरता का आधार रही हैं। RCS सब्सिडी और टाटा स्टील की रियायत, इन दोनों के बिना छोटे शहरों से हवाई सेवा संचालित करना एयरलाइन के लिए घाटे का सौदा बन जाता है। वहीं जमशेदपुर के लिए हवाई सेवाओं का बंद होना सिर्फ यात्रा का संकट नहीं, बल्कि औद्योगिक शहर जमशेदपुर की कनेक्टिविटी, निवेश और आपात सेवाओं से भी जुड़ा गंभीर मुद्दा है। ऐसे में केंद्र सरकार RCS योजना का विस्तार करती है या टाटा स्टील किसी वैकल्पिक व्यवस्था के तहत इन उड़ानों को बचाने के लिए आगे आती है। ये देखना होगा।.jpg)
इस पूरे मामले को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षडंगी ने टाटा स्टील के मैनेजिंग डायरेक्टर टीवी नरेंद्रन से मुलाकात की। कुणाल षडंगी ने आग्रह किया कि जमशेदपुर की जनता के हित में IndiaOne Air को सोनारी एयरपोर्ट पर दी जा रही रियायतों को आगे भी जारी रखा जाये, ताकि कोलकाता और भुवनेश्वर की हवाई सेवाएं बंद न हों। कुणाल षडंगी ने इस दौरान यह भी कहा कि जब तक धालभूमगढ़ एयरपोर्ट को लेकर कोई स्थायी और व्यावहारिक समाधान नहीं निकलता, तब तक सोनारी एयरपोर्ट के मौजूदा रनवे का विस्तार किया जाये। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पहले जमशेदपुर में ATR श्रेणी के विमान उतरते थे और वही सुविधा दोबारा बहाल की जा सकती है, जिससे शहर को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिल सके।
उन्होंने बताया कि टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने आश्वस्त किया है कि अगर केंद्र सरकार RCS स्कीम को जमशेदपुर के लिए विस्तार देंगी तो टाटा कंपनी लैंडिंग चार्ज, पार्किंग चार्ज और टर्मिनल मैनेजमेंट के जो खर्चे पहले वहन कर रही थी वह आगे भी जारी रखेगी, ताकि यह सेवा जारी रहे। वर्तमान में स्थित सोनारी एयरपोर्ट के रनवे को बढ़ाने के लिए पहल हो रही है और तकनीकी प्रस्ताव बनवाने को संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है। कुणाल ने कहा कि वे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह करेंगे कि केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय से वार्ता कर जमशेदपुर में RCS स्कीम को समय रहते विस्तार करवाया जाये, ताकि शहर के लोगों के लिए यह सुविधा बंद न हो।