द फॉलोअप, जमशेदपुर
जमशेदपुर एग्रिको स्थित क्वार्टर नंबर L5/13 में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी ने रविवार रात ही अपनी पत्नी और दो वयस्क बच्चों की हत्या कर दी थी। वारदात के बाद वह पूरी रात शवों के साथ घर में ही मौजूद रहा और सुबह खुद ही डायल-100 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

रिटायर्ड टाटा स्टील कर्मचारी गिरफ्तार
सूचना मिलते ही सिदगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। घर की तलाशी के दौरान पुलिस ने तीन शव बरामद किए, जिनकी पहचान आरोपी की पत्नी सरिता सिंह (55), गर्भवती बेटी सुप्रिया सिंह (31) और बेटे रविशेक कुमार (30) के रूप में हुई है। सुप्रिया की शादी हो चुकी थी और वह करीब तीन माह की गर्भवती बतायी जा रही है। आरोपी की पहचान रिटायर्ड टाटा स्टील कर्मचारी रविन्द्र प्रसाद सिंह के रूप में हुई है, जो इसी वर्ष फरवरी में सेवानिवृत्त हुआ था। पुलिस के अनुसार तड़के करीब 4 बजे आरोपी रविंद्र सिंह ने धारदार हथियार से तीनों की हत्या की है।

रिटायरमेंट के बाद विवाद की आशंका
मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद को हत्या की वजह मानकर चल रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि रिटायरमेंट के बाद से ही घर में तनाव और विवाद की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि हत्या की पूरी वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो सके।

पूर्व मुख्यमंत्री आवास के पास वारदात
यह घटना जिस इलाके में हुई है, वह पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के निजी आवास से कुछ ही दूरी पर स्थित है, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रविवार रात तक परिवार में सबकुछ सामान्य था। देर रात तक परिजनों से बातचीत हुई थी और किसी तरह के तनाव या विवाद की जानकारी नहीं थी। ऐसे में अचानक हुई इस घटना ने पूरे मोहल्ले को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने की उम्मीद जतायी जा रही है।