logo

आधी रात बिरसानगर की बस्ती में घुसे 2 नकाबपोश, 3 कारों में तोड़फोड़, एक में आग लगाने की कोशिश

आधी रात बिरसानगर की बस्ती में घुसे 2 नकाबपोश, 3 कारों में तोड़फोड़, एक में आग लगाने की कोशिश

जमशेदपुर: 
Jamsedpur News: जमशेदपुर (Jamshedpur) के बिरसानगर जोन नंबर-6 स्थित (Birsanagar Zone No. 6) बस्ती में गुरुवार देर रात दो युवकों ने करीब एक घंटे तक जमकर उपद्रव मचाया। रात करीब दो बजे पैदल पहुंचे दोनों युवकों ने बस्ती में खड़ी तीन कारों पर पत्थर बरसाकर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद एक कार में आग लगाने की कोशिश भी की। आग की भनक लगते ही बस्ती के लोगों की नींद खुल गई और वे घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने कुएं से पानी निकालकर कार पर डालना शुरू किया, जिसके बाद काफी मशक्कत से आग पर काबू पाया गया। हालांकि, आग से कार का पहिया, उसे ढकने के लिए लगाई गई प्लास्टिक और कुछ अन्य सामान जल गए।

किराना दुकान का सामान फेंका, सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ा
उपद्रव यहीं नहीं रुका। दोनों युवकों ने सचिन कुमार की किराना दुकान के बाहर रखा सामान भी इधर-उधर फेंक दिया। इसके अलावा एक घर के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया। पूरी वारदात के दौरान दोनों युवकों ने अपने-अपने चेहरे रुमाल से ढक रखे थे। इससे प्रतीत होता है कि वे अपनी पहचान छिपाने की कोशिश कर रहे थे।

सुबह पुलिस को दी सूचना, देरी से पहुंचने का आरोप
घटना के बाद बस्ती के लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह करीब छह बजे डायल-100 के माध्यम से पुलिस को घटना की सूचना दी गई थी। आरोप है कि सूचना मिलने के करीब दो घंटे बाद, सुबह आठ बजे पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और वापस लौट गई। स्थानीय लोगों ने रात की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्ती पर भी सवाल उठाए हैं।

रात के सन्नाटे में अचानक शुरू कर दी तोड़फोड़
स्थानीय लोगों ने बताया कि रात में बस्ती के सभी लोग अपने-अपने घरों में सो रहे थे। इसी दौरान दो युवक अचानक वहां पहुंचे और वाहनों को निशाना बनाते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने किराना दुकान के बाहर रखा सामान इधर-उधर फेंक दिया और सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया। कार में आग लगाने की कोशिश के दौरान लोगों को इसकी जानकारी हुई और वे मौके पर पहुंचे। इसके बाद लोगों ने मिलकर आग बुझाई।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश
घटना के बाद पीड़ितों ने बिरसानगर थाना में लिखित शिकायत दी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो युवक तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं, जिन्होंने अपने चेहरे रुमाल से ढक रखे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर दोनों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है। रात के सन्नाटे में बस्ती में वाहनों में तोड़फोड़, आग लगाने की कोशिश और सीसीटीवी कैमरा तोड़े जाने की घटना से लोगों में दहशत है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात में गश्ती बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

Tags - Jamshedpur News Birsa Nagar News Jamshedpur Crime News Jamshedpur Police Jharkhand News