जमशेदपुर
परसुडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा स्थित राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में 16 वर्षीय किशोरी की हत्या का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में किशोरी के 16 वर्षीय नाबालिग प्रेमी को गिरफ्तार कर रिमांड होम भेज दिया गया है, जिसने पुलिस के समक्ष अपना गुनाह कबूल कर लिया है। दरअसल, राजकीय मध्य विद्यालय परिसर से शनिवार सुबह बरामद 16 वर्षीय किशोरी का शव शुरुआत में पुलिस के लिए रहस्य बना हुआ था, लेकिन जांच आगे बढ़ते ही कहानी पूरी तरह बदल गयी और पुलिस ने इस हत्या की गुत्थी सुलझा ली। लेकिन हत्या किसी पेशेवर अपराधी ने नहीं, बल्कि किशोरी के ही 16 वर्षीय नाबालिग प्रेमी ने की। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था, लेकिन हाल के दिनों में यह रिश्ता तनाव में बदल गया था।.jpeg)
शादी के विवाद में किशोरी की हत्या
पुलिस के अनुसार, हत्या प्रेम संबंध में उत्पन्न विवाद के कारण हुई। मृतका शुक्रवार से लापता थी और आरोपी के साथ थी। जांच में सामने आया कि शुक्रवार रात दोनों स्कूल परिसर पहुंचे थे, जहां शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने किशोरी की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि किशोरी आरोपी पर लगातार शादी का दबाव बना रही थी। किशोरी लगातार विवाह की जिद पर अड़ी थी, जबकि आरोपी अपनी कम उम्र का हवाला देकर इससे बच रहा था। यही असहमति धीरे-धीरे विवाद में बदली। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया और घटना की रात विवाद हिंसक हो गया। आरोपी ने गुस्से में आकर किशोरी की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया, जबकि शव वहीं छोड़ दिया।
सीसीटीवी और डॉग स्क्वॉड से मिली सफलता
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू की। तकनीकी और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गोविंदपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
अलग रहकर करती थी काम
मृतका नाबालिग किशोरी बिरसानगर जोन नंबर-2 की रहने वाली थी। कोरोना काल के दौरान वह परिवार से अलग हो गयी थी और आसपास के घरों में काम कर रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान आरोपी से हुई थी। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है, लेकिन सोपोडेरा का विद्यालय परिसर एक ऐसे अपराध का गवाह बन गया, जहां किशोर उम्र की भावनाएं बेकाबू होकर एक जिंदगी निगल गयी।