logo

जमशेदपुर : एग्रिको पंडाल का रघुवर दास ने किया उद्घाटन, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

एग्रिको पंडाल का रघुवर दास ने किया उद्घाटन, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

जमशेदपुर 
Jamshedpur News: जमशेदपुर के एग्रिको क्लब हाउस में निर्मित भव्य दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन गुरुवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने किया। इस अवसर पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, टीएसपीडीएल के महाप्रबंधक जयदेव चंद समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह के दौरान अतिथियों ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस वर्ष पंडाल को काल्पनिक मंदिर की थीम पर तैयार किया गया है, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

नवरात्रि शक्ति, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का पर्व : रघुवर दास
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं एग्रिको पूजा कमिटी के मुख्य संरक्षक रघुवर दास ने लौहनगरी जमशेदपुर और झारखंडवासियों को शारदीय नवरात्र की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा शक्ति की उपासना, भक्ति, आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का महापर्व है। नौ दिनों तक मां भगवती के नौ स्वरूपों की आराधना कर श्रद्धालु शक्ति, साहस और समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। ये पर्व जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करने के साथ परिवार, समाज, राज्य और राष्ट्र को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रेरणा देते हैं।

नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तीकरण पर दिया जोर
रघुवर दास ने नारी शक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मां दुर्गा, मां काली और मां लक्ष्मी के विभिन्न स्वरूपों में नारी शक्ति की आराधना की जाती है। नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तीकरण के बिना समाज एवं राष्ट्र की वास्तविक प्रगति संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तीकरण को विशेष महत्व दिया जा रहा है। नवरात्र के पावन अवसर पर सभी को नारी सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने एग्रिको दुर्गा पूजा कमिटी के अध्यक्ष वाई.पी. सिंह, महासचिव भूपेंद्र सिंह और पूरी आयोजन समिति की सराहना की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, समर्पण और सामूहिक सहयोग से भव्य पूजा पंडाल का निर्माण संभव हो पाया है। उन्होंने कमिटी के सदस्यों, एग्रिकोवासियों और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही कहा कि एग्रिको पूजा कमिटी प्रत्येक वर्ष अपनी अनूठी थीम के माध्यम से जमशेदपुर की दुर्गा पूजा को विशिष्ट पहचान प्रदान करती है।

आध्यात्मिक आयोजनों से मिलती है मानसिक शांति : विद्युत वरण महतो
जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि नवरात्र शक्ति की उपासना का पर्व है। मां दुर्गा की कृपा से लौहनगरी और झारखंड के लोग अपने जीवन में प्रगति, समृद्धि और शांति की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर जैसे औद्योगिक शहर में, जहां दिन-रात काम और उत्पादन का सिलसिला चलता रहता है, वहां आध्यात्मिक एवं धार्मिक आयोजनों से लोगों को मानसिक शांति और आंतरिक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर के नागरिक दुर्गोत्सव के दौरान पूरी श्रद्धा के साथ मां दुर्गा की आराधना करते हैं। यह शहर की उस विशेष पहचान को दर्शाता है, जहां आध्यात्मिक परंपराओं और आधुनिकता का अनूठा संगम देखने को मिलता है।

काल्पनिक मंदिर की थीम और 16 फीट ऊंची प्रतिमा आकर्षण का केंद्र
इस वर्ष एग्रिको पूजा पंडाल को काल्पनिक मंदिर की थीम पर तैयार किया गया है। पंडाल की संरचना में प्लाईवुड की बारीक कारीगरी के साथ बांस, पेस्टल रंगों और सुनहरी रोशनी का आकर्षक इस्तेमाल किया गया है। इसकी कलात्मक बनावट श्रद्धालुओं का ध्यान खींच रही है। पंडाल के अंदर पश्चिम बंगाल के सुंदरवन क्षेत्र में मिलने वाले हुगला पत्तों से मां दुर्गा की 16 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा तैयार की गई है। प्रतिमा की अनूठी सजावट और पंडाल की महीन कारीगरी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बनी हुई है। सीढ़ियों के रास्ते पंडाल में प्रवेश करने के बाद श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन कर सकेंगे। आकर्षक विद्युत सज्जा और मंदिरनुमा संरचना के कारण पंडाल को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है।

मेले में झूले, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भोग की व्यवस्था
एग्रिको पूजा कमिटी के महासचिव भूपेंद्र सिंह ने बताया कि इस वर्ष भव्य पंडाल के साथ मेले में झूले, आकर्षक विद्युत सज्जा और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण होंगे। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। पंडाल और पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। आग से बचाव के लिए विशेष अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था भी की गई है। मेले, यातायात और पूजा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए समिति के सैकड़ों स्वयंसेवक निर्धारित वर्दी में तैनात रहेंगे। महासप्तमी, महाष्टमी और महानवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष भोग की व्यवस्था की गई है। इन तीनों दिनों में श्रद्धालुओं को पूरे श्रद्धाभाव के साथ भोग वितरित किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मां भगवती से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव बनाए रखने की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि एग्रिको पूजा कमिटी को हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं का भरपूर सहयोग मिलेगा और यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा निरंतर नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।

Tags - Agrico Durga PujaJamshedpur NewsRaghubar DasDurga Puja 2026Jamshedpur Pandal