द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है। जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के जिंतुगाड़ा गांव में बुधवार सुबह कथित तौर पर पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। मृतका की पहचान सलमी सिंकू के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम मंगिल सिंकू बताया गया है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।

विवाद के बाद कुल्हाड़ी से किया वार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बुधवार अहले सुबह किसी बात को लेकर मंगिल सिंकू और उसकी पत्नी सलमी सिंकू के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी से पत्नी के सिर पर वार कर दिया। हमले में सलमी सिंकू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद जगन्नाथपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

हत्या की वजह का पता लगा रही पुलिस
पुलिस इस वारदात के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए मृतका के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान पति-पत्नी के बीच हुए विवाद की परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।