logo

झारखंड की अस्मिता के लिए भाजपा की सरकार बनाना आवश्यक है - हिमंता बिस्वा सरमा

hiiimantaa.jpg

द फॉलोअप डेस्क
दुमका जिले की 4 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों ने सोमवार को अपना नामांकन दाखिल किया। शिकारीपाड़ा से परितोष सोरेन, दुमका से सुनील सोरेन, जामा से सुरेश मुर्मू और जरमुंडी से देवनंदन कुंवर ने अपने पर्चे जमा किए। इस मौके पर चुनाव सह प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने नामांकन सभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में हिमंता बिस्वा सरमा ने संथाल परगना की डेमोग्राफिक स्थिति पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि संथाल परगना में आदिवासियों और हिंदुओं की संख्या लगातार घट रही है। इस मुद्दे पर झारखंड हाईकोर्ट ने भी डेमोग्राफिक बदलाव को लेकर चिंता व्यक्त की है।

सरमा ने अपने पाकुड़ दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ दिन पहले जब मैं पाकुड़ गया था, तब हिंदू बहनों ने मुझसे कहा कि वे अपने ही गांव में सुरक्षित महसूस नहीं करतीं। उन्होंने बताया कि उन्हें धमकाया जाता है, पीटा जाता है और मारा जाता है। जो मांस वे नहीं खातीं, उसे उनके घर के सामने फेंक दिया जाता है। यह सिर्फ एक महिला की आपबीती नहीं थी, बल्कि सैकड़ों महिलाओं ने ऐसी घटनाओं की शिकायत की।सरमा ने आगे कहा कि आदिवासी छात्राओं पर भी अत्याचार हो रहे हैं। उन्होंने बताया, जब मैं एक आदिवासी छात्रावास गया, तो वहां की छात्राओं ने बताया कि पुलिस और घुसपैठियों की मिलीभगत से उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने गायबथान से जुड़े मुद्दे पर विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि वे लगातार उत्पीड़न का सामना कर रही हैं।

उन्होंने आगे कहा कि 20 साल पहले असम में घुसपैठ की शुरुआत हुई थी। तब हमारे लोगों ने आवाज नहीं उठाई थी। आज असम में जो घुसपैठ करने की कोशिश करता है, उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जाता है। लेकिन आज झारखंड में घुसपैठिए संथाल में आते हैं और आदिवासी बेटियों को फंसाकर शादी कर लेते हैं। लेकिन इसपर हेमंत सोरेन कुछ नहीं करते हैं, क्योंकि उनको वोट का लालच है। वह वोटबैंक के कारण घुसपैठिए पर कुछ नहीं बोलते हैं।

अपने संबोधन में हिमंता ने आगे कहा कि आज देखते-देखते संथाल में घुसपैठिए 20 प्रतिशत हो गए हैं। झारखंड में भाजपा यह विधानसभा चुनाव आदिवासी समाज की अस्मिता के लिए लड़ रही है। झारखंड में जब भाजपा की सरकार बनेगी, हमलोग कानून के रास्ते से घुसपैठिए को बाहर निकालेंगे। सरमा ने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनानी है, जो हमारे युवाओं और माताओं का सम्मान करेगी और घुसपैठियों को बाहर निकालेगी। झारखंड की अस्मिता के लिए भाजपा की सरकार बनाना आवश्यक है। 

इस बार भाजपा सरकार बनाकर झारखंड सबको बता देगी कि घुसपैठिए झारखंड में नहीं आने दिए जाएंगे। यही हमारा प्रण है। हम हेमंत सरकार से नहीं डरेंगे। पीएम मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनाएंगे।


 

Tags - Himanta Biswa Sarma BJP Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand latest News Jharkhand Election News