द फॉलोअप डेस्क
इस्लाह मुआसरा कमेटी ने सोमवार को उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात की और राज्य में आलिम फाजील की डिग्री पर जल्द निर्णय लेने, आलिम फाजील की परीक्षा रांची यूनिवर्सिटी से कराने, उर्दू लिपि में परीक्षा आयोजित करने, और उर्दू स्कूलों में मुस्लिम त्योहारों की छुट्टियाँ पूर्व की तरह रखने की मांग की। इस दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि आलिम फाजील की डिग्री से संबंधित समस्याएँ सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के कारण उत्पन्न हुई हैं, लेकिन राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस पर गंभीर हैं। सरकार विधि विशेषज्ञों और शिक्षाविदों से राय ले रही है, और इस मसले का समाधान निकालने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि अब से आलिम फाजील की परीक्षा रांची यूनिवर्सिटी से ली जाएगी, और इसकी तैयारी कर ली गई है।
सुदिव्य कुमार ने यह भी कहा कि उर्दू से संबंधित मुद्दों का समाधान किया जाएगा और उर्दू स्कूलों में मुस्लिम त्योहारों की छुट्टियाँ पहले की तरह लागू की जाएंगी। इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष इमरान आलम, वरीय उपाध्यक्ष सहनवाज अंसारी, नूर अहमद सह सचिव चाँद रशीद अंसारी, मो मुमताज़ आलम उर्फ तूफान, निज़ाम अंसारी अलकमा शिब्ली समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।
