बोकारो:
बोकारो के बालीडीह थानाक्षेत्र के गोस्वामी टोला के समीप NH-23 पर मंगलवार की शाम करीब साढ़े 7 बजे सड़क हादसे में IRCTC बेस किचन के मैनेजर अरविंद वर्मा (45) की मौत हो गई। वह TVS बाइक से गायत्री नगर की ओर से बालीडीह मोड़ स्थित IRCTC बेस किचन लौट रहे थे। इसी दौरान बोकारो की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप वैन बाइक समेत अरविंद वर्मा को करीब 30 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना बालीडीह थाना पुलिस को दी।

मूलरूप से यूपी के रहने वाले थे अरविंद वर्मा
सूचना मिलते ही बालीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटना की जानकारी मिलने पर आईआरसीटीसी बेस किचन में कार्यरत मृतक के सहकर्मी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। मृतक के सहकर्मियों के अनुसार, अरविंद वर्मा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और बालीडीह स्थित आईआरसीटीसी बेस किचन में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।

हादसे का जिम्मेदार पिकअप वैन की तलाश
बालीडीह थाना इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। मृतक के सहकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे हैं और उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है। दुर्घटना में शामिल पिकअप वैन और बाइक के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।