logo

बिजली के खंभों से केबल हटाने से बुरी तरह प्रभावित होने लगी रांची की इंटरनेट सेवा

www2.jpg


द फॉलोअप, रांची
झारखंड बिजली वितरण निगम ने राजधानी रांची में बिजली के पोल पर नियमों के विरुद्ध लगाए गए टेलीकॉम ऑप्टिकल फाइबर और टीवी केबल को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार से शुरू हुई इस कार्रवाई से रांची के करीब दर्जन भर इलाकों में इंटरनेट सेवा प्रभावित हो गई। इससे लोगों को मोबाइल इंटरनेट और ब्रॉडबैंड सेवा में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी एयरटेल और बीएलएनएल के उपभोक्ताओं को हो रही है। कई स्कूल, अस्पताल और महत्वपूर्ण संस्थानों की इंटरनेट सेवा बाधित हो गयी है। बैंक और वित्तीय संस्थानों से पेमेंट में भी दिक्कतें आने लगी है। बिजली विभाग का कहना है कि बिजली के खंभों पर बिना अनुमति लगाए गए केबल से बिजली व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी खतरा भी पैदा हो रहा है। कई जगहों पर केबलों का जाल इस तरह फैला हुआ है कि बिजली के पोल और तारों पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है। लेकिन इस क्रम में उन टेलीकॉम कंपनियों के भी केबल काट दिए जा रहे हैं, जिसने विधिवत परमिशन ले रखा है। जानकारी के अनुसार जियो ने झारखंड में लगभग एक लाख और एयरटेल में कुछ हजार पोलों पर केबल लगाने का राज्य सरकार से परमिशन ले रखा है। लेकिन अनाधिकृत रूप से लगे केबल को काटने के क्रम में विधिवत परमिशन ले रखी कंपनियों के भी केबल काट दिए जा रहे हैं। इन कंपनियों ने केंद्र सरकार के उस नियम के तहत अनुमति ले रखी है, जिसे राज्य सरकार ने भी अंगीकृत किया है। इस नियम के तहत टेलीकॉम कंपनियों को बिजली के प्रति खंभों के लिए प्रति वर्ष 100 रुपए का भुगतान करना पड़ता है। 

हाईकोर्ट ने दिया था आदेश
झारखंड हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान ने राजधानी रांची में बिजली के खंभों पर बेतरतीव ढंग से लगे केबलों को सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाया था। इस पर स्वतः संज्ञान लिया था। इस पर हुई सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने बिजली के खंभों पर लगे टेलीकॉम केबल व अन्य तरह के तारों को हटाने का आदेश दिया। बिजली वितरण निगम ने टेलीकॉम कंपनियों को कई बार नोटिस जारी किया। सुरक्षा मानकों का उपयोग करते हुए अंतिम बार 13 अगस्त तक केबल दुरुस्त कर लेने या हटा लेने का निर्देश दिया। इसके बाद भी जब कंपनियों ने ध्यान नहीं दिया तो अब बिजली के खंभों पर लगे केबल को काट कर हटाया जा रहा है।

बिजली वितरण निगम की रही है लापरवाही
राजधानी सहित राज्य के अन्य जिलों में भी बिजली के खंभों पर वर्षों से टेलीकॉम कंपनियों के केबल लगे हैं। बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने इस पर पहले कोई ध्यान नहीं दिया। केबल कंपनियों पर दबाव नहीं बनाया। अब हाईकोर्ट का आदेश मिलने के बाद अचानक कार्रवाई प्रारंभ कर दी। कम समय में ऑप्टिकल फाइबर केबल को बिछाना टेलीकॉम कंपनियों के लिए मुश्किल भरा काम है। इसका परिणाम है कि राजधानी रांची के विभिन्न इलाकों में इंटरनेट सेवा प्रभावित होने लगी है। जानकारी के अनुसार इसका कहर और अधिक बढ़ने की भी संभावना है।


 

Tags - Jharkhand cable telecom internet affected Ranchi