द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग पुलिस बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से लोगों को अमेरिका भेजने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के किंगपिन उदय कुमार कुशवाहा को गिरफ्तार किया है, जो मूल रूप से हजारीबाग के टाटी झरिया का रहने वाला है और अमेरिका का नागरिक है। इसके पास ओवरसीज सिटीजनशिप का कार्ड भी है।
पुलिस को आवेदन के जरिए जानकारी मिली थी कि हजारीबाग में एक बड़ा गिरोह अवैध तरीके से डंकी रूट के जरिए लोगों को अमेरिका भेजता है। नवंबर महीने में एक व्यक्ति को अमेरिका से भारत भेजा गया था, अमेरिका में जो अवैध तरीके से रह रहे थे उन्हें वहां के सरकार ने स्वदेश भेजा था। उन्हीं में से एक सोनू कुमार के आवेदन को जांच कर पुलिस ने इस बड़े गिरोह का खुलासा किया। हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन के अनुसार, उदय कुमार कुशवाहा पिछले 45 साल से अमेरिका में रहकर व्यवसाय कर रहा था। वे नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों को फर्जी तरीके से डंकी रूट के जरिए अमेरिका भेजता था। अब तक उसने लगभग 12 लोगों को अवैध रूप से अमेरिका भेजा है। पुलिस ने उदय कुमार कुशवाहा और उसके चार सहयोगियों दर्शन प्रसाद, लालमोहन प्रसाद, चौहान प्रसाद और शंकर प्रसाद को गिरफ्तार किया है और अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
एसपी ने बताया कि सोनू कुमार नामक व्यक्ति को उदय के रिश्तेदारों विकास कुमार और पिंटू कुमार के जरिए दिल्ली से ब्राजील भेजा गया था। वहां से उसे पेरू, कोलंबिया, पनामा, और ग्वाटेमाला ले जाया गया, जहां उसे माफिया के कब्जे में रखा गया और परिवार से 45 लाख रुपये की मांग की गई। परिवार ने यह राशि माफिया को दी, और इसके बाद सोनू कुमार को अमेरिका के बॉर्डर पर पकड़ लिया गया। चार महीने तक डिटेंशन सेंटर में रहने के बाद उसे भारत को सौंप दिया गया इसके बाद उसने हजारीबाग पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने बताया कि अब तक 12 लोग इस गिरोह के जरिए डंकी रूट से अमेरिका भेजे गए हैं। इसमें दिगंबर कुशवाहा, राजकुमार कुशवाहा, नंदू कुमार, पप्पू कुमार, चंदन कुमार, शंभू दयाल, पृथ्वीराज कुशवाहा, संजय वर्मा, सुमन सौरभ प्रसाद, प्रवीण कुमार, अरुण कुमार और धीरज कुमार शामिल हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
