द फॉलोअप डेस्क
हेमंत सरकार राज्य के बेरोजगार नौजवानों के साथ अपराधियों व देशद्रोहियों जैसा व्यवहार कर रही है। अपने हक और अधिकार की मांग करने वाले बेरोजगार छात्रों पर हेमंत सरकार लाठियां बरसा रही है। गिरफ्तार कर उन्हें जेल में डालने की धौंस दिखा रही। ये बातें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश ने कही। उन्होंने कहा कि झारखंड स्टेट स्टूडेंट्स यूनियन के बैनर तले हजारों छात्रों का यह पूर्व घोषित कार्यक्रम था। राज्य के बेरोजगार नौजवान जो पिछले साढ़े तीन वर्षों से नौकरी की प्रतीक्षा कर रहे उनका धैर्य अब समाप्त हो चुका है।

नियोजन नीति के नाम पर युवाओं को बरगला रही
दीपक प्रकाश ने कहा कि युवा वही मांग रहे जिसका वादा हेमंत सरकार ने चुनाव पूर्व किया था। लेकिन यह सरकार वादा पूरी करने के बदले युवाओं को कभी भाषा के नाम पर कभी 1932 के नाम पर तो कभी 60:40 की अमान्य नियोजन नीति के नाम पर बरगला रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को 2019 का अपना भाषण, झामुमो, कांग्रेस व राजद के नेताओं को अपना घोषणा पत्र देखना चाहिए। युवा वही मांग रहे जिसके आधार पर गठबंधन ने घूम घूम कर वोट मांगे थे। उन्होंने कहा कि युवाओं का खून बहाना हेमंत सरकार को काफी महंगा पड़ेगा। राज्य की युवा शक्ति खून के एक एक बूंद का बदला ईवीएम की मार से लेगी।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT