द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां पुलिस ने शहर की सड़कों पर रफ ड्राइविंग के जरिए उत्पात मचाने वाले इंस्टाग्राम अकाउंट XNR (SMARTY_NIGHTRIDERS) ग्रुप के बाइकर्स गैंग के 10 युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन, एक मारुती कार और एक बाइक बरामद किया गया है। इन युवकों के पास से बरामद हुई कार और बाइक भी चोरी की है। इसके बाद सभी 10 युवकों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
इस संबंध में जमशेदपुर के सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी दी। सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस को लगातार सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में कुछ युवकों के द्वारा रफ ड्राइविंग किये जाने की सूचना प्राप्त हो रही थी। पुलिस को आशंका थी कि सड़कों पर बेतरतीब तरीके से रफ ड्राइविंग करने वाले इन्हीं युवकों के द्वारा हाल के दिनों में जमशेदपुर के विभिन्न चौक-चौराहों पर घटित हुई छिनतई आदि की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। इसी को आधार बनाते हुए हेडक्वार्टर वन डीएसपी भोला प्रसाद के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया। जिसमें सिदगोड़ा थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खान और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 रफ ड्राइविंग करने वाले युवकों की आइडेंटिफाई किया और सभी को धर-दबोचा है।
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार युवकों से पूछताछ करने पर पता चला कि ये सभी केवल रफ ड्राइविंग ही नहीं, बल्कि इसकी आड़ में सड़कों, गली-मोहल्लों समेत विभिन्न चौक-चौराहों पर लोगों (खासकर महिलाओं) से छिनतई की घटनाओं को अंजाम देते थे। साथ ही लोगों को डरा-धमकाकर उनसे रुपये छीनने का काम भी करते थे। इसके बाद कड़ाई से पूछताछ पर पता चला कि गिरफ्तार युवकों में से चार पर पहले से छिनतई, चोरी और हत्या का भी मामला दर्ज है। जिनके विरुद्ध थाना में केस दर्ज है। सिटी एसपी ने युवाओं से अपील की है कि इस तरह के गैंग से दूर रहें, नहीं तो पुलिस आप को किसी भी हाल में नहीं छोड़ेगी।
