द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Ranchi News: दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को रांची पुलिस (Ranchi Police) ने अल्बर्ट एक्का चौक से मेन रोड होते हुए सुजाता चौक तक फ्लैग मार्च (Flag march) निकाला गया। फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखना, आमजन में सुरक्षा की भावना कायम रखना तथा किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिस की तैयारियों का जायजा लेना रहा। इस दौरान पूजा पंडालों, संवेदनशील क्षेत्रों एवं विसर्जन जुलूस के निर्धारित रूट का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।

संवेदनशील स्थानों की निगरानी
ड्रोन के माध्यम से भी महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों (Sensitive areas) की निगरानी की गई। साथ ही, विभिन्न स्थानों पर प्रतिनियुक्त पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने हेतु ब्रीफ किया गया। इसके अतिरिक्त, रांची के विभिन्न थाना क्षेत्रों जैसे कोतवाली और हिन्दपीढ़ी में भी फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था (Law and order) की स्थिति का जायजा लिया गया। रांची पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचें।

असामाजिक तत्वों की सूचना पुलिस को दें
किसी भी संदिग्ध गतिविधि (Suspicious activity) अथवा असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें। रांची पुलिस सभी श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा एवं शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने हेतु पूरी तरह प्रतिबद्ध है। फ्लैग मार्च में सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, ADM लॉ एंड ऑर्डर, अनुमंडल पदाधिकारी रांची, अपर पुलिस अधीक्षक कोतवाली, पुलिस उपाधीक्षक नगर, संबंधित थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस जवान, RAF, QRT भी मौजूद रहे।