द फॉलोअप डेस्क
श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और विभिन्न मार्गों पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने कई विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार देवघर, कानपुर सेंट्रल और आगरा कैंट के लिए निर्धारित तिथियों में विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों के संचालन से बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

बरहनी–देवघर श्रावणी मेला विशेष ट्रेन का संचालन
रेलवे 05028 बरहनी–देवघर श्रावणी मेला अनारक्षित विशेष ट्रेन का परिचालन 28 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन करेगा। यह ट्रेन कुल 33 फेरे लगाएगी और बरहनी से दोपहर 3:20 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 1:00 बजे देवघर पहुंचेगी। पूर्व रेलवे क्षेत्र में यह ट्रेन मुंगेर, सुल्तानगंज, भागलपुर, बाराहाट और बांका स्टेशनों पर निर्धारित समयानुसार रुकेगी। वहीं वापसी में 05027 देवघर–बरहनी श्रावणी मेला विशेष ट्रेन 29 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन (कुल 33 फेरे) संचालित होगी। यह ट्रेन देवघर से शाम 6:45 बजे प्रस्थान कर अगले दिन दोपहर 3:15 बजे बरहनी पहुंचेगी। वापसी यात्रा में भी बांका, बाराहाट, भागलपुर, सुल्तानगंज और मुंगेर स्टेशनों पर इसका ठहराव रहेगा।

कानपुर–कोलकाता विशेष ट्रेन की भी घोषणा
यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 04157/04158 कानपुर सेंट्रल–कोलकाता विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। 04157 कानपुर सेंट्रल–कोलकाता विशेष ट्रेन प्रत्येक मंगलवार 21 जुलाई से 29 सितंबर 2026 तक कुल 13 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन कानपुर से सुबह 8:00 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:05 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वहीं 04158 कोलकाता–कानपुर सेंट्रल विशेष ट्रेन प्रत्येक बुधवार 22 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक संचालित होगी। यह कोलकाता से सुबह 7:25 बजे प्रस्थान कर अगले दिन रात 1:25 बजे कानपुर पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव नैहाटी, बंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर और आसनसोल स्टेशनों पर रहेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी, स्लीपर तथा वातानुकूलित (एसी) कोच उपलब्ध होंगे।

आगरा कैंट–कोलकाता विशेष ट्रेन भी चलेगी
रेलवे ने 01911/01912 आगरा कैंट–कोलकाता विशेष ट्रेन के संचालन की भी घोषणा की है। 01911 आगरा कैंट–कोलकाता विशेष ट्रेन प्रत्येक गुरुवार 23 जुलाई से 24 सितंबर 2026 तक कुल 10 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन आगरा कैंट से सुबह 3:40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:05 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वापसी में 01912 कोलकाता–आगरा कैंट विशेष ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार 24 जुलाई से 25 सितंबर 2026 तक कुल 10 फेरे संचालित होगी। यह कोलकाता से सुबह 7:25 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 8:00 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में नैहाटी, बंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर और आसनसोल स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव रहेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में भी सामान्य द्वितीय श्रेणी, स्लीपर और वातानुकूलित श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।