पलामू
पलामू उपायुक्त दिलीप सिंह शेखावत ने मंगलवार को मेदिनीनगर के छःमुहान पर स्थित प्याऊ का उद्घाटन किया. इस अवसर पर उन्होंने स्वयं अपने हाथों से बच्चों और राहगीरों को पेयजल परोसा और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया. कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने स्वच्छता का विशेष संदेश भी दिया. उन्होंने लोगों से अपील की कि पानी पीने के बाद उपयोग किए गए गिलास को खुले में इधर-उधर न फेंकें, बल्कि निर्धारित स्थान पर ही रखें, ताकि स्वच्छता बनी रहे और पर्यावरण सुरक्षित रह सके.
उपायुक्त ने कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को जनसेवा की भावना के साथ स्वयंसेवक बनकर कार्य करना चाहिए. उन्होंने कहा कि “मानव सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है” और ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस प्रकार के जनहितकारी कार्यों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि समाज में सहयोग, सेवा और स्वच्छता की भावना और अधिक मजबूत हो सके.
