पूर्वी सिंहभूम:
झारखंड एकेडमी काउंसिल (जैक) द्वारा गुरुवार को जारी 10वीं बोर्ड के परिणाम में पूर्वी सिंहभूम जिले के 98.02 प्रतिशत छात्रों ने बाजी मारी है। इसके साथ ही पूर्वी सिंहभूम जिला पूरे राज्य में चौथे पायदान पर है। गौरतलब है कि आज ही जैक बोर्ड ने मैट्रिक बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी किया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मैट्रिक परीक्षा में सफल छात्र-छात्राओं को बधाई और शुभकामना दी है। सीएम ने बच्चों के अभिभावकों और शिक्षकों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिन बच्चों को अपेक्षित परिणाम नहीं मिला, वे बेहतर के लिए निरंतर प्रयास करते रहें।

पूर्वी सिंहभूम में 21,181 परीक्षार्थी हुए थे शामिल
दरअसल, साल 2026 में पूर्वी सिंहभूम जिले के कुल 21 हजार 181 छात्रों ने जैक बोर्ड की परीक्षा दी थी, जिसमें 20 हजार 762 अभ्यर्थी सफल हुए है। इसके अलावा पूरे राज्य में जैक बोर्ड की परीक्षा में कुल 95.27 प्रतिशत छात्रों ने बाजी मारी है। कुल 4 लाख 22 हजार 109 अभ्यर्थी जैक बोर्ड की परीक्षा में शामिल हुए, जिसमें 4 लाख 21 हजार 78 छात्रों ने सफलता प्राप्त की है।
हजारीबाग की लड़कियां रहीं अव्वल
गौरतलब है कि मैट्रिक बोर्ड परीक्षा में लड़कियों ने बाजी मारी है। हजारीबाग की 5 लड़कियां टॉप 3 में शामिल हैं। ये सभी छात्राएं, इंदिरा गांधी बालिका उच्च विद्यालय में पढ़ती थीं। हजारीबाग की ही प्रियांशु कुमारी को 500 में से 498 अंक मिले हैं।