सरायकेला
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल स्थित पुरुलिया-धनबाद मुख्य मार्ग NH-32 पर रविवार सुबह पितकी गेट के समीप तेज रफ्तार ट्रेलर (संख्या JH05 070607) ने साइकिल सवार कालिया गोप को टक्कर मार दी. टक्कर लगने के बाद वह सड़क पर गिर पड़े और ट्रेलर का अगला पहिया उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे उनका एक पैर बुरी तरह कुचल गया, जबकि दूसरे पैर में भी गंभीर चोट आई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा बेहद भयावह था. घटना को देखकर मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत चांडिल स्टेशन स्थित आरपीएफ को सूचना दी. सूचना मिलते ही आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे और ट्रेलर चालक को पकड़ लिया.

राशन लेकर वापस लौट रहे थे कालिया
घायल कालिया गोप को तत्काल 108 एंबुलेंस के माध्यम से एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. घटना की सूचना मिलने पर नीमडीह थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. आरपीएफ ने चालक को नीमडीह पुलिस के हवाले कर दिया. जानकारी के अनुसार, नीमडीह थाना क्षेत्र के चिंगड़ीडीह गांव निवासी 45 वर्षीय कालिया गोप रविवार सुबह राशन लेने गए थे. वापस लौटने के दौरान वह तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गए.

लोगों ने घटनास्थल को बताया ब्लैक स्पॉट
बताया जा रहा है कि कालिया गोप अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य हैं. उनके दो पुत्र, एक पुत्री और वृद्ध मां हैं. हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के कारण परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पितकी गेट के पास यह दूसरी बड़ी सड़क दुर्घटना है. इससे पहले भी यहां एक व्यक्ति की जान जा चुकी है. लोगों ने इस स्थान को ब्लैक स्पॉट बताते हुए यहां स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है. पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर चालक से पूछताछ की जा रही है.
