रामगढ़
Ramgarh News: झारखंड के रामगढ़ में शख्स ने छोटे भाई की फरसे से काटकर हत्या कर दी। मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों भाइयों में जमीन को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन छानबीन में जुट गई है। मृतक 50 वर्षीय कजरू लाल महतो राशन की दुकान चलाता था, जबकि हत्यारोपी ट्रक चालक है। कजरू लाल महतो और हत्यारोपी भाई लखन महतो के बीच पैतृक जमीन को लेकर विवाद था। दरअसल, CCL कर्मी पिता ने सेवानिवृत्ति के बाद जमीन खरीदी थी।

पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त फरसा बरामद किया
पुलिस ने हत्यारोपी लखन महतो को गिरफ्तार करके उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फरसा बरामद कर लिया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। गांव में भी मातम का माहौल है।

वारदात रविवार सुबह 7 बजे घटित हुई थी
बताया जाता है कि वारदात रविवार सुबह 7 बजे की है। पैतृक जमीन को लेकर कजरू लाल महतो और लखन महतो के बीच बहस हुई थी जो जल्द ही हिंसक हो गई। लखन महतो ने कजरू लाल महतो को फरसे से 2 टुकड़ों में काट डाला। पुलिस ने टुकड़ों में कटे शव का पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया।