पलामू:
पलामू में 25 अप्रैल को भगवती अस्पताल के पीछे एक अज्ञात महिला के शव मिलने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने महिला को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका पति फरार है। पुलिस ने जानकारी दी है कि दंपति ने महिला की हत्या करके उसके शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से भगवती अस्पताल के पीछे फेंक दिया था। गिरफ्तार आरोपी का नाम 30 वर्षीय चंदा देवी है। पुलिस ने चंदा देवी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

एसपी ने एसआईटी का गठन किया था
गौरतलब है कि 25 अप्रैल को भगवती हॉस्पिटल के पीछे अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना पर एसपी के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया था। फॉ़रेंसिक टीम की सहायता से छानबीन की गई। जांच के दौरान मिले टेक्निकल और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चंदा देवी को गिरफ्तार किया। आरंभिक पूछताछ में चंदा देवी ने बताया कि उसका पति लड़कियों से अनैतिक काम कराता है। इसी क्रम में 22 अप्रैल की रात को उसने पति के साथ उक्त अज्ञात महिला को देखा था। इसी दौरान मोबाइल फोन और 1000 रुपये की रकम को लेकर महिला से झगड़ा हुआ और उसकी हत्या कर दी।

22 अप्रैल की रात को कर दी थी हत्या
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को जानकारी दी कि 22 अप्रैल की रात को ही उन्होंने उक्त महिला की हत्या कर दी और शव को कमरे में छुपाकर ताला लगाया और भाग गए। 24 अप्रैल की रात को शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से भगवती अस्पताल के पीछे फेंक दिया। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और अज्ञात महिला की पहचान कराने की प्रक्रिया जारी है। मुख्य आरोपी उपेंद्र कुमार के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें अपहरण, पोक्सो एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।