पाकुड़:
Jharkhand News: पाकुड़ (Pakur) में साले की संपत्ति हड़पने के लिए जीजा का मर्डर (Murder of Brother in Law) कर दिया गया। आरोपियों ने लाश को बंद खदान में मृतक की बाइक के साथ बांधकर फेंक दिया था। मामला नगर थानाक्षेत्र अंतर्गत मालीपाड़ा का है, जहां 13 अक्टूबर को बंद खदान से मंटू दास नाम के व्यक्ति की लाश मिली थी। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी आलोक मुर्मू ने किरायेदार साबीर सोरेन की संपत्ति और सैलरी को हड़पने के लिए उसके साले मंटू दास की कुल्हाड़ी और हथौड़े से मारकर हत्या कर दी। इस हत्याकांड में आलोक का साथ प्रीतम और प्रिंस हेम्ब्रम ने दिया। एसपी अनुदीप सिंह ने गुरुवार को प्रेस वार्ता करके हत्याकांड का खुलासा किया।

13 अक्टूबर को मिली थी मंटू दास की लाश
एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि 13 अक्टूबर को मालीपाड़ा स्थित बंद खदान से अज्ञात व्यक्ति की लाश मिली थी। मृतक का शव उसी की बाइक के साथ बांधकर खदान पानी में फेंका गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। पुलिस ने मृतक की पहचान दुमका के घोबना निवासी मंटू दास के रूप में की। मंटू दास, धनुषपूजा स्थित आलोक मुर्मू के मकान में अपने साले साबीर सोरेन के केयरटेकर के रूप में रहा करता था। एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि पशुपालन विभाग में कार्यरत साबीर सोरेन का इस दुनिया में मंटू दास के अलावा और कोई नहीं था।
.jpeg)
सुनियोजित साजिश के तहत की थी हत्या
पुलिस के मुताबिक, आलोक मुर्मू को लगा कि यदि मंटू दास को रास्ते से हटा दिया जाए तो फिर साबीर सोरेन का कोई संबंधी अथवा उत्तराधिकारी नहीं रह जायेगा। उसने सोचा कि वह मंटू दास को रास्ते से हटाने के बाद साबीर का भरोसा जीतेगा और फिर उसकी संपत्तियों और मासिक वेतन पर कब्जा कर लेगा। उसने यह बात अपने दोस्तों प्रीतम हेम्ब्रम और प्रिंस हेम्ब्रम को बताई सुनियोजित साजिश के तहत मंटू दास के सिर पर कुल्हाड़ी और हथौड़े से वार करके उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद तीनों ने मंटू दास के शव को उसकी ही बाइक से बांधकर खदान में फेंक दिया। पुलिस को मंटू दास का शव 13 अक्टूबर को खदान में मिला।
पुलिस ने मुख्य आरोपी आलोक मुर्मू, प्रीतम हेम्ब्रम और प्रिंस हेम्ब्रम को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर कुल्हाड़ी, लोहे का हथौड़ा, रस्सी, खून लगे कपड़े व झोला तथा दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।