कोडरमा:
Koderma News: कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में पत्नी से विवाद के बाद 40 वर्षीय विनय यादव का शव दुकान के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना गौशाला रोड स्थित बजरंग नगर चौक के पास की है। बीती रात हुई इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया।

शराब पीकर घर पहुंचने पर पत्नी से हुआ विवाद
परिजनों के अनुसार, विनय यादव बीती रात शराब के नशे में घर पहुंचा था। इसी बात को लेकर उसकी पत्नी से विवाद हो गया। दोनों के बीच काफी कहासुनी हुई। विवाद के बाद विनय घर की कुंडी बाहर से लगाकर निकल गया। इसके बाद वह पास में स्थित उस दुकान पर पहुंचा, जहां टेंट हाउस का सामान रखा जाता था। दुकान का शटर गिराने के बाद उसने अंदर फांसी लगा ली।
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर शुरू हुई तलाश
विनय के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन परेशान होने लगे। घर में शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग भी जुट गए। लोगों ने घर की कुंडी खोली और विनय की तलाश शुरू की। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग दुकान पहुंचे। वहां दुकान का शटर खोलने पर विनय फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को फंदे से नीचे उतरवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
टेंट हाउस में काम करता था विनय
तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में शराब पीकर घर आने के बाद पत्नी से विवाद होने की जानकारी मिली है। इसके बाद विनय के दुकान में जाकर फांसी लगाने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, विनय यादव एक टेंट हाउस में काम करता था। जिस दुकान में उसका शव मिला, वहां टेंट हाउस का सामान रखा जाता था। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।