द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड में बेरोजगारी का अंदाजा इस बात से आप लगा सकते हैं कि अब रोजगार मांगने वालों की कतार में बुजुर्ग भी शामिल हैं। भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के नेशनल करियर सर्विस पोर्टल पर रोजगार के लिए रजिस्ट्रेशन के आंकड़े देखने से पता चला है कि राज्य में 64 वर्ष से अधिक उम्र के 474 लोग भी नौकरी की लाइन में लगे हुए हैं।

जबकि, 55-64 आयु वर्ग के छह हजार दो सौ 68 लोगों को भी रोजगार चाहिए। इसके अलावा राज्य से अब तक कुल 6 लाख 53 हजार 921 लोग रोजगार मांग चुके हैं। इनमें सर्वाधिक तीन लाख दो हजार चौबीस, 25-34 आयु वर्ग के युवाओं की है। इसके बाद 18-24 वर्ष के 2 लाख 30 हजार 230 युवाओं ने रोजगार चाहिए।

झारखंड के 39 लाख 36 हजार 549 लोग एनसीएस पोर्टल विजिट कर चुके हैं। इस मामले में झारखंड के लोगों की हिस्सेदारी लगभग 0.68 फीसदी है। राज्य से नौकरी मांगने वालों में बेरोजगार और नौकरीपेशा लोगों के साथ स्वरोजगार करने वाले लोग भी शामिल हैं। इनमें सर्वाधिक 4 लाख 50 हजार 983 बेरोजगार लोगों ने नौकरी मांगी है। वहीं, 8 हजार 116 स्वरोजगार करने वाले लोगों ने जॉब मांगा है। इसके अलावा 17 नौकरीपेशा और नौकरी का बिना उल्लेख किए 1 लाख 71 हजार 900 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।