जामताड़ा
JAC 10वीं का रिजल्ट जारी हो चुका है. जामताड़ा जिले की टॉपर आसिया परवीन बनी है. आसिया ने 97.60 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है. वह प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल, मिहिजाम में पढ़ाई करती है. अनवर हुसैन, चप्पल के एक छोटे से व्यवसाय के जरिए परिवार का भरण-पोषण करते हैं, वहीं माता साहिना खातून एक कुशल गृहिणी हैं. संसाधनों की कमी के बावजूद परिवार ने आसिया की शिक्षा को सर्वोपरि रखा. उनके बड़े भाई, जो चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना में अप्रेंटिस कर रहे हैं, उनके लिए प्रेरणा के मुख्य स्रोत रहे हैं. भविष्य की योजनाओं पर उन्होंने स्पष्ट किया कि वे IAS ऑफिसर बनकर देश की सेवा करना चाहती हैं.

आसिया की बहन आबिदा ने भी हासिल किये 83 प्रतिशत अंक
आसिया के संयुक्त परिवार में खुशियां उस समय दोगुनी हो गई जब परिवार की दूसरी बेटी आबिदा परवीन ने भी इसी स्कूल से 83 प्रतिशत अंक हासिल कर सफलता प्राप्त की. दिलचस्प संयोग यह भी है कि पिछले वर्ष की जिला टॉपर आयशा परवीन भी आसिया के पड़ोस की ही रहने वाली हैं, जिससे यह क्षेत्र अब शिक्षा के हब के रूप में उभर रहा है. अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए आसिया ने बताया कि नियमित सेल्फ-स्टडी और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स का सही उपयोग ही उनकी जीत की कुंजी है. स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने आसिया के घर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
