जामताड़ा:
जामताड़ा में पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। जानलेवा हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना बिंदापाथर थानाक्षेत्र अंतर्गत चिहुटिया गांव की है जहां गांधी महतो ने पत्नी ज्योत्सना देवी पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी पति शराब पीने का आदी है और अक्सर नशे में रहता है। वारदात के समय दंपति के बच्चे मोबाइल को लेकर आपस में उलझ गए थे। कहा जा रहा है कि शोर सुनकर गांधी महतो ने आपा खो दिया और पहले बच्चों पर कुल्हाड़ी से हमला करने की कोशिश की। बच्चे किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकले, लेकिन आरोपी ने पत्नी ज्योत्सना पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

पत्नी को खून से लथपथ हालत में छोड़ा
जानलेवा हमले में ज्योत्सना गंभीर रूप से घायल हो गई तो पति गांधी महतो उसे खून से लथपथ हालत में छोड़कर भाग गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल महिला को सदर अस्पताल जामताड़ा ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद SNMMCH (पीएमसीएच) रेफर कर दिया। धनबाद में भी स्थिति में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे रांची RIMS रेफर कर दिया है, जहां उसकी हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है।

महिला के भाई की शिकायत पर मुकदमा दर्ज
इस संबंध में घायल महिला के भाई गोपाल महतो ने बिंदापाथर थाने में आरोपी बहनोई गांधी महतो के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने थाना कांड संख्या 47/26 दर्ज कर ली है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि गांधी महतो अक्सर शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट और प्रताड़ना करता था। वह अपने नाबालिग बेटे के साथ भी मारपीट करता था। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।