जमशेदपुर:
जमशेदपुर के सीतारामडेरा थानाक्षेत्र स्थित ह्यूमपाइप निर्मल नगर में शुक्रवार को घर के बाहर प्लास्टिक का तार जला रहे युवकों को जहरीला धुआं फैलाने से रोकना एक महिला और उनके बेटे को भारी पड़ गया। विरोध करने पर युवकों ने महिला के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि महिला के गले से बदमाशों ने करीब डेढ़ लाख रुपये की सोने की चेन छीन ली। वहीं, मां को बचाने पहुंचे बेटे अमित कुमार पर भी चाकू से हमला कर दिया गया। हाथ-पैर पर चाकू के गहरे वार करने के बाद घायल अमित को बदमाशों ने नाले में फेंक दिया।

आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी
पीड़ित महिला के अनुसार, कुछ युवक घर के बाहर प्लास्टिक का तार जला रहे थे। इससे निकल रहे जहरीले धुएं से परेशान महिला ने युवकों को ऐसा करने से मना किया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। युवक महिला के साथ गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने महिला के गले से सोने की चेन छीन ली। महिला को बचाने के लिए उसका बेटा अमित कुमार पहुंचा। आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। जिसमें अमित के हाथ और पैर में चाकू के गहरे जख्म पहुंचे हैं। हमले के बाद भी आरोपियों ने उसे नहीं छोड़ा और घायल अवस्था में अमित को नाले में फेंक दिया। परिजनों ने जब उसे बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी।

वारदात से पहले सीसीटीवी उखाड़ दिया
परिजनों का आरोप है कि वारदात से पहले बदमाशों ने घर के बाहर लगे दोनों सीसीटीवी कैमरों को पहले ही उखाड़ दिया गया था। इससे पुलिस के सामने घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने की चुनौती भी है।
गंभीर हालत में एमजीएम में भर्ती
घटना के बाद परिजनों ने अमित को नाले से बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत गंभीर बतायी जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद सीतारामडेरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जायेगी।