हजारीबाग
हजारीबाग जिले के केरेडारी प्रखंड के घाघरा डैम में नहाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया. चार युवक डैम में नहाने के लिए उतरे थे. इसी दौरान अचानक सभी युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. युवकों को डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया गया.

एक की मौत 3 गंभीर
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद चारों युवकों को पानी से बाहर निकाला गया. लेकिन तब तक एक युवक की मौत हो चुकी थी. वहीं तीन अन्य युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल हजारीबाग भेजा गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है.
सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं
हादसे के बाद डैम परिसर में भारी भीड़ जुट गई. मृतक युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव और आसपास के इलाके में मातम का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि घाघरा डैम में पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि डैम, तालाब और अन्य गहरे जलाशयों में नहाने या जाने के दौरान पूरी सावधानी बरतें. फिलहाल, इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे केरेडारी प्रखंड में शोक की लहर है, जबकि प्रशासन आगे की कार्रवाई में जुटा हुआ है.
