logo

हजारीबाग में हाईकोर्ट की वकील अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध मौत, पंखे से लटका मिला शव; पति गायब

हजारीबाग में हाईकोर्ट की वकील अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध मौत, पंखे से लटका मिला शव; पति गायब

सितेश कुमार/हजारीबाग:

Hazaribagh Advocate Suspicious Death: हजारीबाग (Hazaribagh) शहर के बंगाली कॉलोनी स्थित गुप्ता परिसर के फ्लैट नंबर 304 में हाईकोर्ट की अधिवक्ता 28 वर्षीय अनुष्का चक्रवर्ती (Advocate Anushka Chakraborty) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव फ्लैट में पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ा बाजार थाना (Bada Bazar Police) की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया। इसके बाद शव को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज (Sheikh Bhikhari Medical Collage Hospital) अस्पताल हजारीबाग भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

घटना के बाद पालतु कुत्ते के साथ गायब हुआ पति
जानकारी के अनुसार, अनुष्का चक्रवर्ती ने करीब 3 वर्ष पहले कुशाग्र रुद्र से प्रेम विवाह किया था। दोनों गुप्ता परिसर के फ्लैट नंबर 304 में साथ रहते थे। उनके साथ एक पालतू कुत्ता भी रहता था। बताया जा रहा है कि घटना के बाद पति फ्लैट से गायब है और पालतू कुत्ते को भी अपने साथ ले गया है। पुलिस उससे संपर्क करने का प्रयास कर रही है, लेकिन फिलहाल संपर्क नहीं हो पाया है। कुशाग्र रुद्र मूल रूप से व्यवसायी बताया जाता है। घटना के बाद फ्लैट का दरवाजा कोड वाले लॉक से बंद था। बाद में ड्राइवर की मदद से दरवाजा खुलवाया गया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

मृतका के पिता ने हत्या करने का आरोप लगाया
मृतका के पिता ने अपने दामाद कुशाग्र रुद्र पर बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अनुष्का की मौत आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या हो सकती है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। इस घटना के बाद अनुष्का के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। वे अपनी बेटी की मौत को लेकर न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

घटनास्थल से सुसाइड नोट भी नहीं मिला है
बड़ा बाजार थाना प्रभारी मुकेश रजक ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई। घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मृतका के पिता ने पति पर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Tags - Jharkhand NewsHazaribagh NewsAdvocate Anushka Chakraborty Suspicious DeathAdvocate SuicideCrime News