द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले के बरकट्ठा प्रखंड अंतर्गत ग्राम तुइयो में मंगला जुलूस के दौरान उस वक्त हल्की तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब जमुवा की ओर बढ़ रहे जुलूस को प्रशासन ने बीच रास्ते में रोक दिया। बताया जा रहा है कि इस मार्ग से जुलूस निकालने की अनुमति जिला प्रशासन द्वारा नहीं दी गई थी, इसके बावजूद कुछ लोग निर्धारित रूट को तोड़ते हुए आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे थे।
स्थिति को बिगड़ता देख प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए जुलूस को आगे बढ़ने से रोक दिया और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग भी किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रण में लिया, जिससे किसी बड़ी घटना को टाला जा सका। घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है। पुलिस पदाधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी हाल में नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन द्वारा तय किए गए मार्ग से ही जुलूस निकालने की अनुमति है और सभी से उसी का पालन करने की अपील की गई है। इधर, हजारीबाग जिले में अंतिम मंगला जुलूस पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निकाला जा रहा है। शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे आपसी तालमेल और भाईचारे के साथ पर्व मनाएं, किसी भी तरह की अफवाह या नियम उल्लंघन से बचें। प्रशासन हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ा है, लेकिन कानून का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।
