द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह शहर में बुधवार की रात एक चेन झपटमारी की घटना ने लोगों में दहशत पैदा कर दी। नगर थाना क्षेत्र के मकतपुर बंगाली स्कूल के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने का चेन झपट लिया और फरार हो गए। घटना की भुक्तभोगी महिला की पहचान मनीषा कपिसवे के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, महिला किसी काम से बाजार गई थीं और वहां से टोटो पर सवार होकर घर लौट रही थीं। जैसे ही वह मकतपुर बंगाली स्कूल के पास टोटो से उतरी और चालक को किराया देने लगीं, पीछे से बाइक पर सवार दो युवक आए और झपट्टा मारकर उनका सोने का चेन छीन लिया।
अचानक हुई इस वारदात से महिला घबरा गईं और शोर मचाते हुए बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन दोनों आरोपी तेज रफ्तार बाइक से फरार हो चुके थे। घटना के बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
.jpeg)