द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र के जामतारा पंचायत स्थित पिपराडीह गांव से रविवार शाम मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां लगभग 4 बजे गांव के ही कुछ दबंगों ने एक महिला पर चोरी का आरोप लगाकर उसके साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। जानकारी के मुताबिक, उत्तम यादव नामक युवक ने महिला पर चोरी का आरोप लगाया और अपनी बहनों के साथ मिलकर पहले महिला की बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद उसके बाल काट दिए गए। इतना ही नहीं, उसे अर्धनग्न अवस्था में पूरे गांव में घुमाया गया और गले में जूते-चप्पलों की माला डालकर अपमानित किया गया। पीड़िता को बाद में एक कमरे में बंद कर दिया गया था, जहां वह तड़पती रही। घटना की सूचना मिलते ही डुमरी पुलिस हरकत में आई और थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई कर महिला को चुंगल से मुक्त कराया। पुलिस ने मौके से 3 महिलाओं को हिरासत में लिया और थाने लाकर पूछताछ शुरू की। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। गांव वालों के बीच दहशत का माहौल है और लोग इस अमानवीय कृत्य को लेकर आक्रोशित हैं। सवाल यह उठ रहा है कि 21वीं सदी में भी ऐसी मध्ययुगीन मानसिकता कब तक समाज को शर्मसार करती रहेगी?
.jpeg)