गिरिडीह
गिरिडीह में गावां थाना क्षेत्र अंतर्गत जोड़ासिमर में एक अनियंत्रित इर्टिगा कार ने सड़क किनारे बैठे लोगों को कुचल दिया और आगे जाकर केले के पेड़ से टकराकर रुक गई. हादसे के दौरान कार के नीचे दो लोग फंस गए थे, जिन्हें ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला. इस घटना में जोड़ासिमर निवासी सरयू सिंह की मृत्यु हो गई, जबकि श्रीकांत सिंह, निरंजन सिंह और भीम राजवंशी गंभीर रूप से घायल हो गए.

ग्रामीणों ने पुलिस पर किया पथराव
घटना की सूचना मिलते ही गावां थाना प्रभारी जय प्रकाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस वाहन के पहुंचते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने उस पर पथराव शुरू कर दिया. थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों ने काफी प्रयास के बाद खुद को भीड़ से सुरक्षित किया. बताया जा रहा है कि पुलिस के देर से पहुंचने के कारण ग्रामीणों में आक्रोश था.
कार चालाक को ग्रामीणों ने बनाया बंधक
जानकारी के अनुसार, इर्टिगा वाहन के चालक, जो गावां थाना क्षेत्र के नगवां निवासी बबलू यादव है, को ग्रामीणों ने पकड़कर एक घर में बंधक बना लिया है. साथ ही मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जोड़ासिमर में गावां–सतगावां मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है. मौके पर गावां और तिसरी थाना की पुलिस पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई है. वहीं, विधायक प्रतिनिधि मुन्ना सिंह, शेखर पासवान, उमेश साव, मरगूब आलम सहित कई जनप्रतिनिधि और नेता भी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं.
2 घायल सदर अस्पताल रेफेर
घटना के बाद सभी घायलों को गावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टर नौशाद आलम ने सरयू सिंह को मृत घोषित कर दिया. श्रीकांत सिंह और निरंजन सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया गया, जबकि भीम राजवंशी को मामूली चोटें आईं, जिनका प्राथमिक उपचार किया गया.
