गढ़वा:
भवनाथपुर थाना अंतर्गत अधौरा गांव से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां एक महिला पर डायन-बिसाही का आरोप लगाकर उसे निवस्त्र कर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा है। पीड़िता महिला के पति और दो बेटियों को भी पीटा गया है। हमलावरों के डर से 2 दिनों तक पीड़िता अपने घर में चुपचाप रही। कुछ लोगों ने हिम्मत दी तब पुलिस से इसकी शिकायत की गई। आरोप है कि इस शर्मनाक घटना की अगुवाई गांव का निर्वाचित वार्ड सदस्य अमरनाथ उरांव कर रहा था।

5 तारीख की है घटना
पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में कुल 11 लोग नामजद किये गये हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि 5 सितंबर की रात अमरनाथ उरांव सहित 11 लोग पीड़िता के घर घुस गये थे। महिला को डायन कहकर उसे खूब पीटा। महिला के कपड़े फाड़कर उसे निर्वस्त्र कर दिया। महिला के पति की हालत गंभीर है। पीड़िता के अनुसार मामले को गांव की पंचायत में दबाने की कोशिश हुई। पंचायत में कहा गया कि इस मामले को यहीं सुलझा लिया जाएगा। अब पीड़िता पर केस वापस लेने का दबाव डाला जा रहा है।
