logo

प्रेमिका ने पति के साथ मिलकर कराई प्रेमी की हत्या, 1.80 लाख में किया जान का सौदा

प्रेमिका ने पति के साथ मिलकर कराई प्रेमी की हत्या, 1.80 लाख में किया जान का सौदा

पूर्वी सिंहभूम:

पूर्वी सिंहभूम के कोवाली थाना क्षेत्र के बानाकाटा में हुए सिकंदर शर्मा हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने छह दिनों के भीतर सुलझा ली है। पुलिस जांच में प्रेम संबंध, पति-पत्नी के बीच विवाद और 1.80 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराने की बात सामने आयी है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल 4 आरोपियों मिंटू साव, सुंदर दास, आकाश दास और परसुराम दास को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 2 लोहे के स्क्वायर एंगल, सुपारी की रकम में से 20 हजार रुपये नकद, 5 मोबाइल फोन, खून के नमूने और अन्य साक्ष्य बरामद किया हैं। वहीं, मामले की महिला आरोपी विभा देवी घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सिकंदर शर्मा का बागबेड़ा निवासी विभा देवी के साथ प्रेम संबंध था। इसकी जानकारी विभा देवी के पति मिंटू साव को होने के बाद दोनों के बीच विवाद होने लगा। इसी विवाद के बाद सिकंदर को रास्ते से हटाने की योजना बनायी गयी।

1.80 लाख में दी गयी थी हत्या की सुपारी
पुलिस के अनुसार, मिंटू साव ने सिकंदर की हत्या के लिए कोवाली थाना क्षेत्र के बड़ा बागलाता निवासी सुंदर दास को 1.80 लाख रुपये में सुपारी दी थी। 20 हजार रुपये एडवांस दिये गये थे। इसके बाद सुंदर दास ने हत्या की योजना में बड़ा बागलाता निवासी आकाश दास और इच्छापुर, आरआईटी थाना क्षेत्र निवासी परसुराम दास को शामिल कर लिया।

टायलेट का बहाना बनाकर रुकवाई बाइक
पुलिस जांच में सामने आया कि 31 अगस्त की रात विभा देवी सिकंदर के साथ घूमने निकली थी। सिकंदर अपनी बाइक से उसे लेकर बानाकाटा महाकाल ढाबा के समीप NH-220 पर पहुंचा। घटनास्थल के पास विभा देवी ने टायलेट जाने का बहाना बनाकर सिकंदर की बाइक रुकवा दी। इसी दौरान पीछे से मारुति कार (जेएच-05डीएच-4751) वहां पहुंची। कार में मिंटू साव, सुंदर दास, आकाश दास और परसुराम दास सवार थे। चारों कार से उतरे और सिकंदर के सिर पर लोहे के स्क्वायर एंगल से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से मौके पर उसकी मौत हो गयी। इसके बाद शव को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया और बाइक को भी सड़क किनारे गिरा दिया गया, ताकि घटना को सड़क दुर्घटना का रूप दिया जा सके। वारदात के बाद विभा देवी समेत सभी आरोपी कार से फरार हो गये।

1 सितंबर को झाड़ियों में मिला था शव
1 सितंबर को झारखंड-ओडिशा सीमा पर बानाकाटा स्थित महाकाल ढाबा के समीप एनएच-220 किनारे झाड़ियों में सिकंदर का शव मिला था। घटनास्थल के पास उसकी बाइक भी खड़ी मिली थी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा था। मृतक के बड़े भाई जितेंद्र शर्मा की शिकायत पर कोवाली थाना में अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी थी।

मोबाइल और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल फोन की जांच के साथ आरोपियों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को हत्या की पूरी कड़ी जोड़ने में सफलता मिली और एक-एक कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

मिंटू और विभा पहले भी जा चुके हैं जेल
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मिंटू साव और फरार आरोपी विभा देवी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों पोटका थाना क्षेत्र में जुगसलाई के एक युवक की हत्या के मामले में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने वर्तमान हत्याकांड की जांच में उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और पूर्व के मामले से जुड़े पहलुओं को भी ध्यान में रखा।

पुलिस टीम ने छह दिन में किया खुलासा
हत्याकांड के उद्भेदन में कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव, सब इंस्पेक्टर सिदो मुर्मू, सहदेव सिंह, गौतम कुमार, अजंता महतो, सहायक अवर निरीक्षक प्रमोद सिंह समेत पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। चारों गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार विभा देवी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Tags - JharkhandMurderBoyfriend Killed by GirlfriendEast Singhbhum